गुरुग्राम, 29 अक्टूबर
साइबर सिटी गुरुग्राम के फरुखनगर थाना क्षेत्र में एक वाइन शॉप ठेकेदार को विदेशी नंबर से कॉल कर रंगदारी मांगने के जुर्म में पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ACP क्राइम इंदीवर सिंह ने बताया कि पीड़ित ठेकेदार ने 28 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 25 अक्टूबर की दोपहर उसके पास एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को विदेश में बैठा अपराधी बताया और उसको जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए लाखों रुपये की रंगदारी मांगी।
नाबालिग समेत 1 युवक गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही फरुखनगर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फरुखनगर क्राइम यूनिट ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित कुमार और उसके साथ एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सुमित कुमार, जो सिकंदरपुर गांव का रहने वाला है, उसने इंटरनेट का इस्तेमाल करके एक वर्चुअल विदेशी नंबर प्राप्त किया था और उसी के जरिए ठेकेदार को धमकी भरी कॉल की थी।
जांच में जुटी पुलिस
ACP इंदीवर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमित ने पहले ठेकेदार के बारे में पूरी जानकारी और उसका मोबाइल नंबर जुटाया था। आरोपी वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल की बरामदगी और क्रिमिनल रिकॉर्ड की जांच के लिए सुमित को पुलिस रिमांड पर लेगी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है कि वे किसी अन्य गिरोह से जुड़े हैं या किसी के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया था।
अन्य खबरें जानें-



