Online Desk/LivingIndiaNews: मालदीव में इमरजेंसी, सुप्रीम कोर्ट के जज सहित कई गिरफ्तार, देश में अलर्ट जारी मालदीव में राजनीतिक संकट गहराता हुआ सा दिख रहा है. सुप्रीम कोर्ट के साथ टकराव के बाद राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन की सरकार ने 15 दिनों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी है. राजनेताओं की धरपकड़ भी तेजी से हो रही है. सुप्रीम कोर्ट के जज अली हमीद और पूर्व राष्ट्रपति मौमून अब्दुल गयुम गिरफ्तार किये जा चुके हैं.
राष्ट्रपति यामीन के स्टेप ब्रदर और 30 साल तक मालदीव के राष्ट्रपति रहे ममून अब्दुल गयूम भी अरेस्ट किये जा चुके हैं. उन पर विपक्षी नेताओं का साथ देने का आरोप है. मालदीव के हालात को देखते हुए भारत ने यात्रा करने वालों को लिए अलर्ट जारी किया है. जारी अलर्ट में कहा गया है कि अगर बहुत जरूरी ना हो तो भारतीय मालदीव की यात्रा पर ना जाएं. खबर है कि मालदीव की सेना ने संसद अपने शिकंजे में ले ली है. 

मालदीव की संसद के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहीद ने ट्वीट करके पूर्व राष्ट्रपति को गिरफ्तार किये जाने की पुष्टि की है. वे लिखते हैं कि पूर्व राष्ट्रपति को दामाद सहित मालदीव की स्पेशल ऑपरेशन पुलिस ने अरेस्ट किया है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मद नशीद सहित तमाम पकड़े गये राजनेताओं की रिहाई का सुप्रीम कोर्ट का आदेश मानने से इनकार कर दिया था, और इन पर फिर से मुकदमा चलाने की बात कही थी. अधिकारियों का कहना है कि आपातकाल लागू होने पर संसद को 2 दिनों में इसके बारे में बताना होता है. लेकिन सरकार पहले ही संसद को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर चुकी है. मौजूदा राष्ट्रपति के कार्यकाल में दूसरी बार आपातकाल लगाया गया है. नवंबर 2015 में भी राष्ट्रपति ने जान का खतरा बताते हुए इमरजेंसी लगाई थी. ध्यान देने वाली बात है कि मालदीव की सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भारत, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया और युनाइटेड नेशन ने स्वागत किया था।

