कैथल, 5 अगस्त
कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शिक्षा क्षेत्र में एक दूरगामी और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कैथल के सरकारी व निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए AI रोबॉट तथा फ्री AI टीचिंग कोच की व्यापक मुहिम शुरू की है।इस अभियान की शुरुआत जाट शाइनिंग स्टार स्कूल, कैथल से हुई थी। आज इस श्रृंखला की अगली कड़ी में ढाँड रोड स्थित इंदिरा गांधी पब्लिक स्कूल में विधायक आदित्य सुरजेवाला ने AI रोबॉट की लॉन्चिंग की।
विद्यार्थियों के स्मार्टफोन और स्कूल कंप्यूटर पर कक्षा 8वीं से 12वीं के पूरे सिलेबस के अनुरूप फ्री AI एप्लिकेशन इंस्टॉल करवाए गए तथा फ्री टीचिंग कोच भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि आज हम कैथल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा क्रांति की नींव रख रहे हैं। 21वीं सदी की सबसे बड़ी चुनौती और सबसे बड़ा अवसर दोनों AI है। मैं चाहता हूँ कि कैथल का हर विद्यार्थी चाहे वह शहर का हो या दूरदराज के गाँव का AI टूल्स का उपयोग करना सीखे। ये AI रोबॉट कक्षा में व्यक्तिगत शिक्षक की तरह काम करेंगे। वे हर बच्चे की सीखने की गति के अनुसार पढ़ाएंगे, डाउट्स क्लियर करेंगे, इंटरएक्टिव क्विज लेंगे और रियल-टाइम फीडबैक देंगे।
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि साथ ही हम फ्री AI एप्लिकेशन और फ्री टीचिंग कोच भी दे रहे हैं, जिन्हें विद्यार्थी घर पर भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होगी और JEE, NEET जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं में वे आगे रहेंगे। यह अभियान कैथल विधानसभा के सभी स्कूलों में लगातार चलेगा।
हम किसी भी स्कूल को पीछे नहीं छोड़ेंगे।विधायक सुरजेवाला ने बताया कि कैथल विधानसभा के सभी स्कूलों के बाद यह मुहिम पूरे कैथल जिले में विस्तारित की जाएगी। गुहला, कलायत और पुंडरी विधानसभा क्षेत्रों के स्कूलों में भी AI रोबॉट भेजे जाएंगे तथा हर विद्यार्थी को फ्री एआई एप्लिकेशन व फ्री ट्रेनिंग कोच उपलब्ध कराए जाएंगे। उनका सपना है कि कैथल जिला शिक्षा के क्षेत्र में पूरे हरियाणा का रोल मॉडल बने।
भविष्य में AI लैब्स, रोबोटिक्स क्लब्स और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम भी शुरू किए जाएंगे, ताकि बच्चे केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि नौकरियाँ देने वाले बनें।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी एक व्यक्ति या पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे कैथल के भविष्य की है। मैं सभी शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और अभिभावकों से अपील करता हूँ कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
अन्य खबरें जानें –

