ऑनलाइन डेस्क / लिविंग इंडिया न्यूज़: हरियाणा विधानसभा चुनाव में किंग मेकर बनकर उभरी जननायक जनता पार्टी ने दिल्ली चुनाव में हिस्सा नहीं लेने का एलान किया है। दिल्ली चुनाव के एलान के वक्त जेजेपी मुखिया दुष्यंत चौटाला ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतरने का दावा किया था। जेजेपी और बीजेपी के गठबंधन की खबरें भी लगातार सामने आ रही थीं। लेकिन आज नॉमिनेशन के आखिरी दिन पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है।
दुष्यंत ने कहा कि चुनाव आयोग से उन्हें न तो पार्टी का चाबी चुनाव चिन्ह मिला और न ही कप प्लेट और चप्पल का सिंबल मिला। जिसके बाद पार्टी ने किसी दूसरे सिंबल पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। हालांकि इससे पहले शिरोमणि अकाली दल भी दिल्ली चुनाव में हिस्सा नहीं लेने का एलान कर चुकी है।

