ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से हाहाकार मचा है। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए पंजाब और हरियाणा में पराली जलाए जाने को जिम्मेदार ठहराया है। अब इस बयान पर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पलटवार किया है।
उन्होंने नासा द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे प्रदूषण के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि, पिछले साल से इस बार पराली जलाने के मामले 34 फीसद कम हुए हैं। दुष्यंत ने बढ़ते हुए दिल्ली सरकार को घेरते हुए कहा कि, यदि पंजाब में पराली जलाने से दिल्ली में प्रदूषण होता तो पहले पंजाब से लगते हरियाणा के जिला सिरसा, अंबाला, करनाल, पानीपत में इसका असर होता। इसलिए पहले केजरीवाल सरकार को यह देखना होगा कि दिल्ली में प्रदूषण कचरा जलाए जाने के कारण हो रहा है या फिर इसके कोई और कारण हैं।

