ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इडिया न्यूज: जन्म के साथ जुड़ी बीमारी ने एक महिला को समाज से दूर कर दिया। 63 साल की बुजुर्ग महिला को लोग डायन कहकर पुकारते हैं। जिसकी वजह से महिला का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दरअसल, ओडिशा के गंजम जिले के कड़ापाड़ा गांव की नायक कुमारी के हाथों में 12 और पैरों में 20 उंगलियां हैं। डॉक्टर इसे मात्र आनुवंशिक गड़बड़ी बता रहे हैं लेकिन गांव वाले महिला को अपनाने को तैयार नहीं हैं।
अपनी हालत के बारे में बताते हुए कुमारी ने कहा कि, मैं इसी तरह से पैदा हुई थी। हम आर्थिक रूप से काफी कमजोर थे, इसलिए मेरे माता-पिता मेरा इलाज नहीं करा सके। मेरे आस पड़ोस में रहने वाले लोग मुझे डायन मानते हैं और मुझसे दूर रहते हैं। लोगों की नफरत से बचने के लिए मैं घर के अंदर ही रहती हूं। जब कभी हिम्मत करके बाहर आती हूं तो लोग मुझे डायन कहते हुए वापस घर के अंदर जाने को कहते हैं।

