ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: फतेहाबाद के गांव काजल हेडी के पास पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक से पुलिस ने 215 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद की गई हेरोइन की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। डीएसपी उमेश सिंह ने बताया कि काजल हेडी गांव निवासी संदीप पिछले कुछ समय से दिल्ली से हेरोइन लाकर फतेहाबाद के युवकों को सप्लाई कर रहा था। रविवार को भी वो ये काम करने की फिराक में था।
दिल्ली से जब संदीप अपने गांव में पहुंचा तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी में पुलिस को उसके पास से 215 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद हुई हेरोइन की कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है। डीएसपी के अनुसार संदीप दिल्ली के जनकपुरी इलाके से हेरोइन की सप्लाई लेकर आया था। फिलहाल पुलिस संदीप से नशा तस्करों के दिल्ली ठिकानों के बारे में पूछताछ कर रही है।

