ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: टोहाना के सीआईए स्टाफ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से हेरोइन और स्मैक तस्करी में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 148 ग्राम स्मैक, 16 ग्राम हेरोइन और हजारों रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपियों से बरामद हुई स्मैक और हेरोइन की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम गांव समैण में नरवाना टी प्वाईंट के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान वहां से बाइक पर निकल रहा एक युवक पुलिस को देखकर वापस लौटने लगा तो पुलिस ने उसे रोककर चेक किया तो उसके पास से 88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान जींद के राजनगर निवासी अरमजीत उर्फ अशोक के रूप में हुई है।
इसी प्रकार एक ओर मामले में पुलिस ने किला मोहल्ला में छापामारी कर राज उर्फ राजू को गिरफ्तार कर उसके पास से 60 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 45 हजार 420 रुपये की नकदी भी बरामद की है। इसी प्रकार से कुला चौकी इंचार्ज की टीम ने नाकाबंदी कर एक युवक को 16 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। डीएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा, जिससे उनके सरगना का पता चल सके।
Watch Video
https://youtu.be/ELpHSGh2gmE
