न्यूज़ डेस्क/लिविंग इंडिया : पिछले दिनों चंडीगढ़ में 10 साल की नाबालिग के मां बनने पर लोगों को भरोसा नहीं हुआ था कि सिटी ब्यूटीफुल के हालात इस कदर बद से बदतर होते जा रहे हैं। इस मामले में लड़की के बड़े मामा पर आरोप लगाए गए थे। अब DNA रिपोर्ट सामने आने के बाद पता चला है कि लड़की के छोटे मामा ने उसका यौन शोषण किया, जिसके कारण वो मां बन गई। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस नए सिरे से जांच करेगी।
DNA रिपोर्ट के आने के बाद 10 साल के नाबालिग के मां बनने की घटना में नया मोड़ आ गया है। दरअसल, 17 अगस्त को लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया था। इसी दिन उसके मामा का DNA टेस्ट किया गया था और पुलिस ने मामला दर्ज़ करके जांच शुरू कर दी थी। पुलिस को पूरी उम्मीद थी कि उसकी जांच सही दिशा में जा रही है। लेकिन इसी बीच DNA रिपोर्ट आई तो सारा सच सामने आ गया और असली आरोपी का पता चला।
बता दें कि लड़की चंडीगढ़ के एक सरकारी स्कूल की स्टूडेंट है और जुलाई में उसने पेट दर्द की शिकायत की थी। जब घर वाले उसे लेकर हॉस्पिटल गए तो डॉक्टर ने उसके प्रेग्नेंट होने की जानकारी दी। घरवाले बच्चे को गिराना चाहते थे, इसके लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा भी खटखटाया गया, लेकिन कोर्ट ने अर्ज़ी खारिज कर दी। इसके बाद 17 अगस्त को लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया। जिसके बाद यह मामला काफी गरमा गया था।
शुरू में लड़की के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज़ कर उसके बड़े मामा के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। लड़की का बयान भी चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दर्ज़ कराया गया था। 30 अगस्त को आरोपी के खिलाफ चार्ज फ्रेम किए गए। अब DNA रिपोर्ट के सामने आने के बाद सारा मामला उलझता जा रहा है। पुलिस जिस मामले की जांच को पूरा समझ कर बैठी थी, DNA रिपोर्ट ने फिर से जांच शुरू करने की जरूरत महसूस करा दी है।
