6 जुलाई
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज‘ जोकि मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है रिलीज के महज तीन दिन के बाद ही भारत में OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 से हटा दिया गया है। यह फिल्म 3 जुलाई को स्ट्रीम हुई थी और दर्शकों से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। इससे पहले यह फिल्म लंबे समय तक सेंसर बोर्ड में अटकी रही और इसका नाम ‘पंजाब 95’ से बदलकर ‘सतलुज’ रखा गया था।
ZEE5 ने अपने आफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा कर फिल्म हटाए जाने की पुष्टि की। ZEE5 ने कहा कि फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और इसके लिए हम उनका आभार जताते हैं।साथ ही कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह फिल्म और इसके पीछे की रचनात्मक सोच के साथ मजबूती से खड़े है।
पोस्ट में कहा गया कि मौजूदा हालात को देखते हुए ‘सतलुज अगले आदेश तक भारत में उपलब्ध नहीं रहेगी। ZEE5 ने यह भी भरोसा दिलाया कि वह कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी विकल्पों पर विचार कर रही है, ताकि फिल्म को जल्द से जल्द दोबारा दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया जा सके।
प्लेटफॉर्म ने अपने संदेश में कहा कि वह सच्ची और सार्थक कहानियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और कलात्मक ईमानदारी के साथ ऐसी फिल्मों का समर्थन जारी रखेगा। कैप्शन में लिखा गया, “हो सकता है ‘सतलुज’ रुक गई हो, लेकिन उसने जो बातचीत शुरू की है, वह नहीं रुकी है। हमें उम्मीद है कि हम इसे जल्द वापस लाएंगे।”
अन्य खबरें जाने –




