Delhi Weather: दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा: कई कॉलोनियां कराई खाली, गुरुग्राम में 7 KM लंबा जाम, सभी स्कूल बंद; IMD का अलर्ट

Yamuna Flood Alert in Delhi: दिल्ली में यमुना नदी के खतरे के निशान को पार करने के बाद मंगलवार को ट्रांस-यमुना क्षेत्र की कई कॉलोनियों…

Yamuna Flood Alert in Delhi: दिल्ली में यमुना नदी के खतरे के निशान को पार करने के बाद मंगलवार को ट्रांस-यमुना क्षेत्र की कई कॉलोनियों में पानी घुस गया. भारी बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. दिल्ली के यमुना बाजार, मयूर विहार और आसपास के इलाकों में पानी घरों में घुस गया, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को गाजियाबाद-नोएडा से गुरुग्राम तक यातायात जाम होने से खासी परेशानी हुई. गुरुग्राम में सात किलोमीटर लंबे जाम से लोग तीन घंटे तक सड़कों में फंसे रहे.

मंगलवार सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर पुराने यमुना पुल (ओल्ड रेलवे ब्रिज) पर 205.80 मीटर दर्ज किया गया जो कि खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है. अधिकारियों के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से 1.76 लाख क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 69,210 क्यूसेक और ओखला बैराज से 73,619 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. इससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और अनुमान है कि मंगलवार शाम 5 से 8 बजे के बीच यमुना का जलस्तर 206. 50 मीटर को भी पार कर सकता है.

प्रशासन ने नावों के जरिए लोगों से राहत शिविरों में जाने की अपील-

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने यमुना के किनारे बसी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. प्रशासन ने नावों के जरिए लोगों से अपना जरूरी सामान लेकर राहत शिविरों में जाने की अपील की है. वहीं, यमुना बाजार, मयूर विहार, शाहदरा, विवेक विहार और अन्य ट्रांस-यमुना क्षेत्रों में पानी घरों में घुसने की जानकारी सामने आ रही हैं.

स्कूलों में ऑनलाइन क्लास और ऑफिसों में वर्क फॉर होम की एडवाइजरी-

मौसम विभाग यानी आईएमडी ने मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. एडवाइजरी में कहा गया है कि पूर्वानुमान के मद्देनजर, जिले के सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए निर्देशित करें. वहीं जिले के सभी स्कूलों को सलाह दी जाती है कि वे ऑनलाइन कक्षाएं लें.

खबरों के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *