Delhi Weather Today: उतर भारत के अन्य राज्यों समेत राजधानी दिल्ली में भी बारिश से मौसम तो सुहाना रहा, इसके साथ जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. IMD ने 5 अगस्त तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने आज भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. रोहिणी, पीतमपुरा, लक्ष्मीनगर, दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली में तेज बारिश होने की आशंका है. लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों को दफ्तर और स्कूल जाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
5 अगस्त तक बारिश की संभावना :
दिल्ली में 5 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. सफदरजंग बेस स्टेशन के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में दिल्ली में सामान्य से 9 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. जहां औसतन 201.9 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 220.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
ट्रैफिक-जाम और जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत:
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव हो गया है. कई इलाकों में जाम के चलते लोग घंटों फंसे रहे. उमस कम, लेकिन असुविधाएं ज्यादा, सड़कों पर कीचड़, पानी भराव और ट्रैफिक की वजह से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. जो लोग मेट्रो या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर कर रहे हैं, उन्हें भी स्टेशन और बस स्टॉप्स पर पानी भराव के चलते परेशानी झेलनी पड़ रही है. बारिश ने दिल्ली की गर्मी से तो राहत दी है, लेकिन जलभराव, ट्रैफिक और फिसलन से आम लोगों को काफी दिक्कत हो रही है. फिलहाल तीन दिन और ऐसी ही स्थिति रहने के आसार हैं.
खबरों के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



