दिल्ली 2 जुलाई
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ISI -समर्थित अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन पंजाब और एक दिल्ली से है। आरोप है कि ये सभी पाकिस्तान स्थित हैंडलर शाहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए अपने पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में थे, जिन्हें उन्हें सीमा पार से उपलब्ध कराया गया था।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अमृतसर से शुरू हुआ ऑपरेशन
स्पेशल सेल को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सबसे पहले शुभदीप सिंह को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल फोन मिले। पूछताछ के बाद उसके दो सहयोगियों गुरजंट सिंह और साजन सिंह को पंजाब के अलग-अलग इलाकों से पकड़ा गया।बाद में चौथे आरोपी गगनप्रीत को 24 अप्रैल 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
रेकी और हमले की साजिश का आरोप
पुलिस का दावा है कि गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस थानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करने और गोलीबारी की घटना को अंजाम देने का निर्देश दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और विदेशी नंबरों के जरिए लगातार संपर्क में थे।
ड्रोन से हथियार सप्लाई का दावा
जांच एजेंसियों के अनुसार, यह नेटवर्क सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की सप्लाई भी प्राप्त करता था। कुछ आरोपियों पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
स्पेशल सेल की इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली-NCR में संभावित आतंकी हमले की बड़ी साजिश को नाकाम करने के रूप में देखा जा रहा है।
अन्य ख़बरें जानें-
AMRITSAR एयरपोर्ट पर सोना तस्करी का भंडाफोड़, संदिग्ध व्यक्ति से 22 लाख का सोना बरामद



