नूंह , 25 अगस्त
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 29 अगस्त को प्रस्तावित नूंह दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में DC अखिल पिलानी ने नई अनाज मंडी नूंह का दौरा कर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नई अनाज मंडी नूंह में नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापकों के अभिमुखीकरण एवं नियुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। DC ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। DC अखिल पिलानी ने बताया कि अब तक जिले में 1049 नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापक अपनी नियुक्ति ग्रहण कर चुके हैं। वहीं, शेष पात्र अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम में नव नियुक्त अध्यापकों के साथ उनके परिजन भी शामिल होंगे। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए बैठने, पेयजल, बिजली, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
DC ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं कार्यक्रम से पहले पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नूंह दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
अन्य खबरें जानें-



