गुरुग्राम, 14 अगस्त
गुरुग्राम कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की बदहाल स्थिति के खिलाफ सड़कों पर उतरकर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां थामे कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर मार्च निकाला और सरकार व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने तीखे तेवर अख्तियार करते हुए साफ लफ्जों में कहा कि साइबर सिटी की जनता अब जलभराव, टूटी सड़कों, रेंगते ट्रैफिक और प्रशासनिक भ्रष्टाचार से पूरी तरह ग्रस्त हो चुकी है और इस नारकीय जीवन से आज़ादी चाहती है।
महिला कार्यकारिणी अध्यक्ष सीमा हुड्डा कटारिया ने मौजूदा सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए विकास के दावों की धज्जियां उड़ाईं। वक्ताओं ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के बजट का ढोल पीटने वाली सरकार के कार्यकाल में जमीनी हकीकत बेहद शर्मनाक और बदतर हो चुकी है।
शहर की जनता आज पीने के पानी, साफ-सफाई और सुरक्षित सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी तरस रही है, जबकि सत्ता में बैठे जिम्मेदार लोग और प्रशासनिक अधिकारी आंखें मूंदकर तमाशा देख रहे हैं।
महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी की मानें तो कांग्रेस ने सरकार को सख्त लहजे में अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि जनहित की इन गंभीर समस्याओं को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि प्रशासन ने जल्द ही गुरुग्राम की सड़कों को गड्ढामुक्त करने और जलभराव की स्थायी निकासी का पुख्ता समाधान नहीं निकाला, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन केवल मार्च तक सीमित नहीं रहेगा।
कांग्रेस इस जनविरोधी रवैये के खिलाफ पूरे शहर में उग्र और व्यापक आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
अन्य खबरें जानें –
Terrible road accident occurred: ਅਵਾਰਾ ਪਸ਼ੂ ਕਾਰਨ ਕਾਰ ਅਤੇ ਪਿਕਅਪ ਦੀ ਟੱਕਰ ਵਿੱਚ ਕਾਰ ਚਾਲਕ ਦੀ ਹਾਲਤ ਨਾਜ਼ੁਕ



