ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित डिग्गी पैलेस में गुरुवार से छह दिवसीय विश्व प्रसिद्ध ‘जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (JLF)’ शुरू हो गया। कांग्रेस के सांसद शशि थरूर भी फेस्टिवल में हिस्सा लेने जयपुर पहुंचे। लेकिन उनके पहुंचते ही विवाद शुरू हो गया। शशि थरूर अपनी लाइसेंसी पिस्तौल के साथ जयपुर पहुंचे थे, जिस कारण उन्हें एयरपोर्ट पर रोक लिया गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक शशि थरूर को एयरपोर्ट पर ही रहना पड़ा।
दूसरी तरफ सेंसर बोर्ड के चेयरमैन प्रसून जोशी के भी फेस्टिवल में शामिल होने की बात कही जा रही थी। लेकिन ‘पद्मावत’ फिल्म को लेकर करणी सेना के विरोध के चलते उन्होंने फेस्टिवल में शिरकत नहीं की। वहीं मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने भी फेस्टिवल से किनारा कर लिया है। असल में सारा विवाद ‘पद्मावत’ को लेकर है। प्रसून जोशी सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष हैं। जबकि जावेद अख्तर ने फिल्म के विवाद पर बयान दिया था, जिसके बाद उनका विरोध हो रहा है।
