गुरुग्राम, 4 अगस्त
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन कर लौटे पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों का मंगलवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के पहुंचते ही एयरपोर्ट परिसर भारत माता की जय और ‘वंदे मातरम‘ के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, परिजन और खेल संघों के पदाधिकारी तिरंगा लेकर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए पहले से मौजूद थे।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने सभी पदक विजेताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री ने कहा कि आप सभी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल भारत बल्कि पूरे हरियाणा का सिर गर्व से ऊंचा किया है ।आपकी इस उपलब्धि ने करोड़ों युवाओं को खेलों में अपना करियर बनाने की प्रेरणा दी है।
मंत्री ने सभी विजेताओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को 7 अगस्त को चंडीगढ़ में एक प्रदेश स्तर पर प्रोग्राम करेगी और उनको उनकी राशि देकर सम्मानित करेगी। हरियाणा सरकार खिलाडि़यों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हर संभव आर्थिक मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अब तक का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक अपने नाम किए। इसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। हरियाणा के खिलाड़ियों ने इस बार भी सबसे ज्यादा पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पदक विजेताओं को हरियाणा सरकार की खेल नीति 2015 के तहत करोड़ों रुपये की नकद राशि भी जल्द प्रदान की जाएगी।
अन्य खबरें जानें-
SIRSA पहुंचे हरियाणा सहकारी बैंक चेयरमैन सुभाष कलसाना, किसानों से किया संवाद, योजनाओं की दी जानकारी



