ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की शिकायत के बाद सीएम मनोहर लाल ने पानीपत की एसपी संगीता कालिया का ट्रांसफर कर दिया है। नए आदेश के मुताबिक संगीता कालिया को अब भोंडसी जेल में ट्रांसफर किया गया है। उधर, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एसपी संगीता कालिया के ट्रांसफर पर संतोष जाहिर किया है। गौरतलब है कि एसपी संगीता कालिया लगातार तीन बार से पानीपत की जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में नहीं आ रही थी, जिस पर विज ने सीएम से उनकी शिकायत की थी।
इससे पहले फतेहाबाद में जब स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज वहां की जिला कष्ट निवारण समिति के चेयरमैन थे। उस समय भी संगीता कालिया वहां एसपी थी और वहां नशा बेचने वालों पर कार्रवाई को लेकर अनिल विज और एसपी संगीता कालिया के बीच बहस हो गई थी। उस समय विज ने संगीता कालिया को मीटिंग से चले जाने को कहा था, लेकिन एसपी संगीता कालिया ने मीटिंग से जाने से साफ इंकार कर दिया था। उस समय भी विज के कारण ही फतेहाबाद से संगीता कालिया का ट्रांसफर हुआ था।

