चंडीगढ़, 15 अक्टूबर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चार दिन के स्वीडन देश के दौरे पर हैं। जहां पर मुख्यमंत्री के साथ हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है। 14 अक्टूबर से लेकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे में प्रतिनिधिमंडल स्वीडन के प्रतिनिधियों, वैश्विक उद्योग जगत के व्यक्तियों और निवेशकों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करेगा। इस यात्रा का उद्देश्य हरियाणा प्रदेश औऱ स्वीडन के बीच में आर्थिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी, औद्योगिक निवेश के नए अवसरों की तलाश करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वीडन पहुंचने पर वहां पर मौजूद भारतीय राजदूत अनुराग भूषण ने स्वागत किया। स्वीडन का यह दौरा व्यावसायिक बैठकों, तकनीकी सहयोग से संबंधित मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।
इंडिया–स्वीडन इनोवेशन डे को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री
15 अक्टूबर को होने वाले इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे के कार्यक्रम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे। इसके माध्यम से भारत और स्वीडन के बीच तकनीकी विकास, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनों पर चर्चा होगी। इनोवेशन डे के दौरान दोनों देशों के उद्योग जगत और तकनीकी क्षेत्रों से जुड़ें प्रतिनिधियों को वार्तालाप का अवसर मिलेगा। हरियाणा प्रदेश के लिए यह अवसर राज्य की औद्योगिक क्षमताओं, निवेश संबंधी और कारोबार से संबंधित संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।
पांच प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस
स्वीडन यात्रा पर हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल का ऊर्जा, होम फर्निशिंग, रियल एस्टेट, रक्षा और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों पर चर्चा प्रमुख रहेगी। इन क्षेत्रों पर सहयोग, चर्चा, तकनीकी सहयोग, औद्योगिक विकास और कारोबार में साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
उद्योगपतियों और निवेशकों से होगी उच्चस्तरीय बैठकें
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रतिनिधिमंडल के बीच स्वीड़न के सरकारी प्रतिनिधियों, निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। बैठकों में हरियाणा में निवेश, औद्योगिक विस्तार, तकनीकी सहयोग को लेकर चर्चा की जाएगी। इस दौरे के दौरान बिजनेस राउंडटेबल भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से सरकारी प्रतिनिधियों और निजी क्षेत्र के बीच सीधी बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 14 से 17 अक्टूबर तक होने वाले इस दौरे में हरियाणा ओर स्वीडन के बीच औद्योगिक और आर्थिक संबंधों को लेकर चर्चा होगी। प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के लिए निवेश और सहयोग के नए अवसर तलाशना तथा स्वीडन के साथ औद्योगिक, तकनीकी और शहरी विकास से जुड़े संबंधों को आगे बढ़ाना है।



