ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सीएम मनोहर लाल खट्टर की जन आशीर्वाद यात्रा आज गुरुग्राम के सोहना पहुंची, जहां लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 2014 में सरकार बनाने का लाइसेंस जो आप सभी ने दिया था, वो अगले महीने समाप्त होने जा रहा है, अब उसे फिर से रिन्यू कर दें।
बता दें कि सोहना में भाजपा के मौजूदा विधायक तेजपाल तंवर ने सीएम के भव्य स्वागत के लिए एक प्रोग्राम का भी आयोजन किया था। लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हमने आम जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए ऑनलाइन सिस्टम लागू किया था और जब जनता को ये विश्वास हो गया कि सरकार ये डिलीवर करती है, तो उनका सरकार पर विश्वास बढ़ गया।
सीएम मनोहर लाल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं अभियान का हवाला देते हुए कही कि हमने सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम भी लागू किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2014 में जो लिंग अनुपात 871 का था, उसमें सुधार किया है। पिछले एक महीने में लिंगानुपात 933 तक पहुंच गया है।
लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि इसी तरह हमने राष्ट्रवाद की भावना जागृत की है कि पहले देश और उसके बाद समाज व स्वयं को रखें।
मनोहर लाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा, लेकिन हम उनसे भी आगे निकल कर कहते हैं कि ना खाएंगे, ना खाने देंगे और पहले जिन्होंने खाया है, उनसे भी निकलेगे।
वहीं, भाजपा सरकार के पांच सालों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को गिनवाते हुए सीएम ने कहा कि हमने केएमपी एक्सप्रेस-वे को पूरा किया है और अब इसके साथ पलवल से कुंडली तक ऑर्बिटल रेल चलाने की योजना है, ताकि लोग सीधे चंडीगढ़ पहुंच सकें।





