Jammu-Kashmir News: पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही गोलीबारी के बीच सीमा से सटे जम्मू क्षेत्र के कम से कम पांच जिलों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. इस गोलीबारी में 18 लोग मारे गए हैं और लगभग 60 घायल हुए हैं. अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उपमुख्यमंत्री सुरेन्द्र चौधरी और मंत्री सतीश शर्मा के साथ जम्मू, राजौरी और सांबा जिलों में राहत शिविरों का दौरा किया.उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विस्थापित परिवारों को आश्वासन दिया.
शर्मा ने कहा, “सीमावर्ती राजौरी-पुंछ क्षेत्र से लगभग 8 से 10 हजार निवासियों को निकाला गया है।”
शर्मा ने बताया कि उन्हें वहां भोजन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
यह गोलीबारी ऐसे समय में हुई जब भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया.
पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में 26 लोग मारे गए थे और मरने वालों में ज्यादातर पर्यटक थे। इसके बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार गोले दागे हैं, जिससे पुंछ, मनकोट, मेंढर, नौशेरा, अखनूर, आर.एस.पुरा, अरनिया, सांबा और कठुआ तथा कई अन्य क्षेत्रों में नुकसान हुआ है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



