न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : गुरूग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल के छात्र प्रद्युमन की हत्या के बाद पूरे देश में उबाल है। अब एक और वाकया सामने आया है जिसमें पांचवीं क्लास के छात्र ने खुदकुशी कर ली। यह घटना उत्तरप्रदेश के गोरखपुर की है। जहां संत एंथनी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले 11 साल के छात्र नवनीत प्रकाश ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। उसे शिक्षक ने सजा दिया था, जिसके बाद उनसे जिंदगी खत्म करने का फैसला ले लिया।
छात्र के स्कूल बैग से एक सुसाइड लेटर भी मिला है। जिसमें जिक्र है कि शिक्षक की कठोर सजा से परेशान होकर वह खुदकुशी करने का फैसला कर रहा है। सुसाइड नोट में नवनीत ने लिखा है कि ‘पापा, आज मेरा पहला एग्जाम था और टीचर ने मुझे तीन पीरियड तक खड़ा रखा। वह सिर्फ कुछ लड़कों की बात सुनतीं हैं। मैं काफी परेशान हो चुका हूं इसलिए अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला लिया है। आप मेरी मैडम से कहना कि वो आगे से किसी को ऐसी सजा ना दे।’
दूसरी तरफ इस घटना के लिए मृत छात्र के पिता ने स्कूल मैनेजमेंट पर आरोप लगाया है। वहीं घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षिका भावना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। इस घटना से छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्कूल में पढ़ने वाले दूसरे बच्चों के अभिभावक भी सकते में हैं।

