चंडीगढ, 18 जुलाई
चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर में शनिवार को अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने किया। इस मौके पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ न्यायाधीश भी शामिल हुए। यह पार्किंग जिला अदालत परिसर और चंडीगढ़ न्यायिक अकादमी के बीच निर्मित की गई है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए CJI सूर्यकांत ने कहा कि बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए हर शहर में पर्याप्त मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था होना जरूरी है।उन्होंने जिला अदालत की तर्ज पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की आवश्यकता जताई।
CJI सूर्यकांत ने कहा कि उनका जन्म भले ही हिसार में हुआ हो, लेकिन उनकी कर्मभूमि चंडीगढ़ रही है। संघर्ष की शुरुआत भी इसी शहर से हुई, इसलिए चंडीगढ़ से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि जब चंडीगढ़ का निर्माण हुआ था, तब वाहनों की संख्या बहुत कम थी, लेकिन अब तेजी से बढ़ते ट्रैफिक के कारण आधुनिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी हो गया है। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा कि बाजार में नई कार आते ही सबसे पहले वकील उसे खरीद लेते हैं।
करीब 4.5 एकड़ क्षेत्र में बनी इस अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग में लगभग 1100 वाहनों के खड़े होने की सुविधा होगी। इससे जिला अदालत परिसर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत एक सामान्य परिवार से निकलकर देश के मुख्य न्यायाधीश बने हैं, जो युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-43 जिला अदालत में लंबे समय से पार्किंग की जरूरत महसूस की जा रही थी। नई पार्किंग से वकीलों, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अन्य खबरें जानें –

