न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : चंडीगढ़ में रहने वालों के लिए रौशनी का त्योहार दीपावली खुशियों की सौगात लेकर आया है। दरअसल, चंडीगढ़ प्रशासन ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले एक्साइज ड्यूटी को 16.40 से घटाकर 11.40 प्रतिशत कर दिया है। वहीं पेट्रोल और ब्रांडेड पेट्रोल पर वैट दर को 24.74 से घटाकर 19.74 प्रतिशत कर दिया गया है। प्रशासन की इस घोषणा से अब डीजल का दाम 57.68 से घटकर 55.20 रूपये प्रति लीटर हो गया है। जबकि पेट्रोल के दाम में 2.74 रूपये प्रति लीटर की कमी आई है। इससे चंडीगढ़ में पेट्रोल की कीमत 65.66 रूपये प्रति लीटर हो गई है।
अगर आप तुलनात्मक अध्ययन करते हैं तो आपको पता चलेगा कि मोहाली की तुलना में चंडीगढ़ में डीजल के दामों में 2.23 रूपये प्रति लीटर की कमी आएगी। दूसरी तरफ चंडीगढ़ में पेट्रोल मोहाली की तुलना में 8.11 रूपये प्रति लीटर कम पर मिलेगा। कहने का मतलब यह है कि चंडीगढ़ में पेट्रोल प्रति लीटर 65.66 रूपये की दर से मिलेगा। हालांकि, मोहाली के पंप डीलर्स ने चंडीगढ़ प्रशासन के इस फैसले पर विरोध जताया है। डीलर्स का कहना है कि प्रशासन की इस घोषणा से उनके बिजनेस पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। प्रशासन को ऐसा फैसला लेने से पहले उनसे बात करनी चाहिए थी।
