ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : एक दिन पहले लापता हुए विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को पत्रकारों के सामने आ गए। लेकिन उनके खुलासों से सनसनी फैल गई। तोगड़िया ने भाजपा शासित राजस्थान की पुलिस पर एनकाउंटर की साजिश रचने का आरोप मढ़ दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस साजिश की भनक लग गई थी, जिसके बाद वह वीएचपी दफ्तर से गायब हो गए थे। हिन्दुओं को संगठित करने की कोशिश को लेकर उनके खिलाफ यह साजिश रची गई थी। दरअसल, तोगड़िया सोमवार सुबह से गायब हो गए थे और शाम को बेहोशी की हालत में एक पार्क में मिले थे।
गायब होने के बाद जब तोगड़िया मंगलवार को पत्रकारों के सामने आए तो उन्होंने ऐसे-ऐसे खुलासे किए कि देश की राजनीति का तापमान अचानक गरमा गई। तोगड़िया ने बताया कि वह राम मंदिर से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा को लेकर आवाज उठाते रहते हैं। उनके खिलाफ कई केस दर्ज किए गए हैं। दो दशक से ज्यादा पुराने मामले में उन्हें एक से दूसरी जेल भेजने का काम किया जा रहा है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान तोगड़िया कई बार भावुक भी हुए। उन्होंने खुलासा किया कि वो पूजा-पाठ कर रहे थे, इसी दौरान एक व्यक्ति कमरे में आया और जानकारी दी कि यहां से भाग जाईए, लोग आपका एनकाउंटर के लिए निकले हैं।
तोगड़िया ने बताया कि अगर उनके साथ कुछ भी होता तो देश की स्थिति बिगड़ जाती। इसके बाद वो ऑटो रिक्शा लेकर निकल पड़े। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के गृहमंत्री से फोन पर संपर्क किया और सारी जानकारी दी। पत्रकारों को बताया कि आईबी के माध्यम से उन्हें डराया जा रहा है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से केंद्र सरकार पर भी डराने-धमकाने का आरोप लगा दिया। हालांकि राजस्थान के गृहमंत्री से उन्हें जानकारी मिली कि सरकार की तरफ ऐसा कदम नहीं उठाया गया है। रास्ते में तबियत खराब होने के बाद उन्होंने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। बाद में वकील से संपर्क करके सारी स्थिति की जानकारी दी।
तोगड़िया के खुलासे से ना सिर्फ केंद्र सरकार कठघरे में खड़ी हो गई है, बल्कि राजस्थान पुलिस और आईबी पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। तोगड़िया ने साफ किया कि अगर वो राजस्थान पुलिस की गिरफ्त में आ जाते तो उन्हें लंबे समय तक प्रताड़ित किया जाता। आज तक उन्होंने किसी तरह का गलत काम नहीं किया है। वो हमेशा कानून का पालन करते रहे हैं। भले ही उनका जीवन कुर्बान हो जाए, वो राम मंदिर, गोरक्षा के साथ ही हिन्दुओं के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे। उनके पास कुछ नहीं है। उनका एकमात्र मकसद हिन्दुओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करना है। सरकार को चाहिए कि वो सारे आरोपों की जांच करे।

