ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज : साध्वी यौन शोषण मामले में सुनारिया जेल में बंद राम रहीम पर चल रहे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में भी जल्द फैसला आ सकता है। बुधवार को पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में सुनवाई हुई। सुनवाई में बचाव पक्ष के वकील की ओर से लगाई गई याचिका के तहत दो गवाहनों के बयान दर्ज किए गए। इनमें हुकुमचंद और अरुण कुमार की गवाही कराई गई। सुनवाई के दौरान राम रहीम वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुआ। मामले में अगली सुनवाई अब 27 जुलाई को होगी। 27 जुलाई को कुछ और गवाहों की भी गवाही हो सकती है, क्योंकि बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट से कुछ और गवाहों के बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी थी, जिसके साथ ही बचाव पक्ष ने कोर्ट को 20 लोगों की लिस्ट भी दी थी।
https://www.youtube.com/watch?v=G-4AeR2d5CA&feature=youtu.be
बता दें कि पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में पिछले काफी समय से मामले की सुनवाई हो रही है। मामले में फाइनल बहस पूरी होते ही फैसला सुनाया जाएगा। साध्वी यौन शोषण मामले में पहले से ही रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम की इस केस को लेकर मुश्किलें बढ़ी हुई है। मामले में जिस तेजी के साथ कोर्ट की कार्रवाई हो रही है, उससे इस केस का फैसला भी जल्द आने की उम्मीद है। राम रहीम से जुड़े इस मामले में आने वाले फैसले पर भी पूरे देश की नजर लगी हुई है।
गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम पर सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्य का आरोप है। छत्रपति ने डेरा सच्चा सौदा में होने वाले अन्याय और अत्याचार के बारे में अपने अखबार में लिखा था। इसके अलावा छत्रपति ने अपने अखबार में साध्वी का पत्र भी छापा था, जिसमें यौन उत्पीड़न की बात कही गई थी।
इसके बाद अक्तूबर 2002 में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। हत्या के पीछे राम रहीम का हाथ होना बताया गया था। सीबीआई ने भी राम रहीम को इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर नामजद किया हुआ है। अब देखना होगा कि पहले से ही जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को लेकर कोर्ट क्या फैसला देता है ?


