ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को एक बड़ा झटका लगा है। तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें निराशा हाथ लगी और आखिरकार वे जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए। जी हां, सीबीआई की राउस एवेन्यू कोर्ट ने 19 सितंबर तक के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया है। हालांकि उनके वकील कपिल सिब्बल ने चिदंबरम को जेल न भेजने को लेकर काफी तर्क दिए।
वहीं सीबीआई की तरफ से तुषार मेहता ने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि यह बड़ा मामला है. सुप्रीम कोर्ट ने भी हमारी दलील मानी है कि चिदंबरम सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। हमने कई देशों में लेटर रोगेटरी भेजे हैं। विदेशी खातों में जमा पैसों में छेड़छाड़ की जा सकती है। आर्थिक अपराध एक अलग श्रेणी का अपराध है, यह बात सुप्रीम कोर्ट ने भी कही है। आर्थिक अपराध देश की अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं।

