ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हरियाणा में पंचकुला पुलिस ने राम रहीम के वकील समेत 39 बदमाश चेलों के खिलाफ धोखाधड़ी, लूटपाट और ठगी का मामला दर्ज किया है।
विवादित डेरा सच्चा सौदा से जुड़े इन आरोपियों पर एक बिल्डर को धमकाने, धोखे से एग्रीमेंट साइन करवाने और 40 लाख रुपये वसूलने के अलावा करीब 12 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप है।
राम रहीम के वकीलों और बदमाश चेलों के खिलाफ एक बिल्डर ने शिकायत की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस साजिश में गुरमीत राम रहीम का वकील एसके गर्ग नरवाना भी शामिल था।
इससे पहले राम रहीम के खास चेले रहे गुरदास सिंह तूर और खट्टा सिंह ने आरोप लगाया था कि वह चेलों के नाम पर धोखाधड़ी करके जमीन खरीदता था। फिलहाल राम रहीम दो साध्वियों के साथ बलात्कार के आरोप में बीस साल की सजा काट रहा है।



