भिवानी में HTET गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, पेपर में गलत सवालों का आरोप, अभ्यर्थियों ने मांगी OMR शीट

भिवानी, 25 अगस्त भिवानी के हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी HTET को लेकर अभ्यर्थियों की नाराजगी सामने आई है। भिवानी…

भिवानी

भिवानी, 25 अगस्त

भिवानी के हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी HTET को लेकर अभ्यर्थियों की नाराजगी सामने आई है। भिवानी में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, गलत प्रश्नों, टाइपिंग मिस्टेक और स्कोरकार्ड में कम अंक दिए जाने के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी आपत्तियों का अब तक समाधान नहीं हुआ है और OMR शीट उपलब्ध कराने के लिए भी शुल्क मांगा जा रहा है।

भिवानी के हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में HTET अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि TGT, PGT और PRT-तीनों स्तरों के पेपर में कई तरह की गलतियां सामने आई हैं।अभ्यार्थियों ने आरोप लगाया कि कई प्रश्नों में गलत विकल्प, गलत नंबरिंग और हिंदी के शब्दों की टाइपिंग संबंधी गलतियां देखने को मिलीं। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के लिए पूरे साल तैयारी करने वाला विद्यार्थी जब परीक्षा केंद्र पर इस तरह की गलतियां देखता है तो उसका ध्यान प्रभावित होता है और वह अपनी तैयारी के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाते।

अभ्यर्थियों के मुताबिक बोर्ड की ओर से 24 तारीख को OMR शीट उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद OMR शीट ऑनलाइन उपलब्ध नहीं हुई। उनका कहना है कि OMR शीट के बिना वे अपने अंकों को लेकर आधिकारिक तौर पर आपत्ति दर्ज नहीं कर पा रहे हैं।अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि OMR शीट प्राप्त करने के लिए 100 रुपये शुल्क मांगा जा रहा है। उनका कहना है कि परीक्षा और आपत्तियों के बाद अब OMR के लिए भी शुल्क लेना विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि बोर्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर स्पष्ट नोटिस जारी करे और तकनीकी समस्या होने की स्थिति में OMR शीट उपलब्ध कराने की निश्चित समय-सीमा बताए।अभ्यर्थियों के अनुसार, प्रदर्शन में हरियाणा के अलग-अलग जिलों से परीक्षार्थी पहुंचे हैं।

अभ्यर्थियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं और किसी भी तरह की हिंसा में विश्वास नहीं रखते। उनका कहना है कि जब तक परीक्षा से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता, तब तक वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।

फिलहाल अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि गलत प्रश्नों और आपत्तियों का निष्पक्ष समाधान किया जाए, प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित अंक दिए जाएं और OMR शीट जल्द उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभ्यर्थी अपने परिणाम को लेकर आधिकारिक आपत्ति दर्ज करा सकें।

 अन्य खबरें जानें-

Tornado in France: फ्रांस में बवंडर ने मचाई भारी तबाही, 40 से अधिक लोग घायल, घरों की उड़ी छतें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *