हरियाणा की राजनीति का ‘पकौड़ा काल’ युवाओं को रोजगार चाहिए. महिलाओं को पगार चाहिए. किसानों को राहत चाहिए, उद्योगपतियों को सुविधाएं चाहिए. सरकारी कर्मचारियों को भत्ते चाहिए. बुजुर्गों को 2000 की पेंशन चाहिए. छात्रों को सस्ती और बेहतर शिक्षा चाहिए. रोडवेज की बसों के पास चाहिए. मंत्री जी को वोट चाहिए. प्रवक्ता को सुविधा चाहिए. विपक्ष को सत्ता चाहिए. सत्ता को सरूर चाहिए. जब सबको सबकुछ मिल जाए, तो शाम में पकौड़े भी बुरे नहीं हैं. लेकिन इन दिनों हरियाणा की राजनीति में ‘पकौड़ा काल’ चल रहा है. मोदी जी ने एक बार पकौड़े की महिमा क्या बखानी, विपक्षी नेता पकौड़े को एजेंडा बनाने लग पड़े.
हरियाणा कांग्रेस चंडीगढ़ में बार-बार पकौड़ा क्रांति कर रही है. जैसे विधानसभा चुनाव में हरियाणा बीजेपी के नेता चाय क्रांति करने में जुटे थे, अब कांग्रेस पकौड़ा क्रांति करने में जुटी है, हालांकि विधानसभा में नेता विपक्ष अभय चौटाला कांग्रेस की पकौड़ा क्रांति को बीजेपी प्रेम से जोड़ कर देखते हैं. याद दिलाते हैं कि इनसो कार्यकर्ताओं ने जब दिल्ली में मुख्यमंत्री को पकौड़ा भेंट करने की कोशिश की, तो उनपर लाठीचार्ज किया गया. आज सरकार के मुखिया, कांग्रेस की नेता किरण चौधरी से पैसे देकर पकौड़े खरीद रहे हैं. कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पकौड़ों के बहाने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के एक पुराने बयान को आड़े हाथों लिया.
उन्होंने पकौड़ों पर भारतीय पेटेंट की बात कहते हुए उसे हिंदुस्तानी रेसिपी बताया. विपुल गोयल ने कहा कि अगर सही से काम हो तो इसे दुनिया की रेसिपी बनाया जा सकता है। रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस सांसद ने लोकसभा में मैक-डी को कहा था कि अगर उन्हें गुजरात में जगह नहीं मिलती तो वे हरियाणा आए। यहां दो-दो फुट के आलू पैदा होते हैं। अब इससे बड़ा मजाक क्या होगा। विपुल गोयल ने इस मौके पर कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के रास्ते पर ले जाने के लिए जितना काम किया है उतना पूर्व में किसी सरकार ने नहीं किया। उन्होने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और दलाली की दुकानें बंद होने के बाद अगर कांग्रेसी पकौड़े बेचते हैं तो बीजेपी कार्यकर्ता जरूर खरीदेंगे लेकिन राजनीतिक पकौड़े बेचकर कांग्रेस कामगारों का अपमान ना करे।’’ पकौड़ा सार्वकालिक है. चिर काल से चर्चा में रहता है. जब मौसम खुशगवार हो तो कदम अनायास पकौड़ेवाले की ओर बढ़ जाते हैं, लेकिन सरकार और विपक्ष का पकौड़ा प्रेम मौजूदा राजनीति के लिए मुफीद तो नहीं ही है.
जिधर कान लगा लीजिए, चमकाने की राजनीति हो रही है. प्राइवेट नौकरियों को सरकार अपना बताने लगी है. सरकारी नौकरियां कोर्ट में चक्कर काट रही हैं. आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सड़कों पर हैं, सीएम पकौड़ा खाने के बाद सदन में ठंडी हवा के झोंके ले रहे हैं. मंत्री गण बयान देने के बाद मीडिया गैलरी में गर्दन उठाकर देख रहे हैं. कल किन अखबारों में फोटो छपेगी, इसका जाएजा ले रहे हैं. सदन की कार्यवाही पर लाखों का खर्च है, लेकिन नुमाइंदो को परवाह सिर्फ वोट की है, रैली की है, हंगामा करके सुर्खियां हासिल करने की है. हरियाणा की राजनीति में ‘पकौड़ा काल’ की चर्चा के दौरान इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष, हरियाणा के भावी नेता का दुख भी छलका. किरण चौधरी से मुख्यमंत्री का पकौड़े खरीद कर खाना उन्हें भी नागवार गुजरा. उनका दर्द भी छलका. दिग्विजय चौटाला ने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर सर्कुलेट किया है. अगर आप तक ना पहुंचा तो नीचे चटका लगाइए, और देखिए. युवा राजनीति भी ‘पकौड़ा काल’ की कड़ाही में मजबूरी में ही सही, किस तरह गोते लगाने के लिए मजबूर हो रही है.
https://www.facebook.com/LivingIndiaNewschannel/videos/1055526577961168/
