ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: लगातार अपनी सरकार को घेर रहे कुरुक्षेत्र के बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी के खिलाफ अब हरियाणा बीजेपी के मंत्री और नेता भी आने लगे है। राज्य मंत्री नायब सैनी और सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने सांसद के बयान पर पलटवार करते हुए उनके बयानों को राजनीतिक करार दिया। अपनी ही पार्टी और सरकार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी को राज्य मंत्री नायब सैनी ने कड़ा जवाब दिया है।
नायब सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की जनता देख रही है कि सांसद अपने कार्यकाल में क्या कर रहे है? नायब सैनी ने कहा कि राजकुमार सैनी के बयानों से लगता है कि उनकी मंशा कुछ और है, लेकिन उन्हें ये भी ध्यान में रखना चाहिए की ये पब्लिक है, जो सब जानती है।
इसी प्रकार से सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने भी सांसद राजकुमार सैनी के बयान पर पलटवार किया है। राजीव जैन ने कहा कि राजकुमार सैनी अभी पार्टी में नए आए है। जैन के अनुसार राजकुमार सैनी की पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करना उनकी मंशा को प्रकट करता है, जो सब वो केवल राजनीतिक स्टेटमेंट ही दे रहे है, जोकि वास्तविकता से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि सांसद राजकुमार सैनी की बयानबाजी पर हाईकमान जरूर कोई फैसला लेगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी लगातार अपनी ही पार्टी और सरकार पर प्रहार करते रहे है। अब राजकुमार सैनी ने साफ किया था कि बीजेपी सरकार में मंत्री और सांसद तो दूर की बात है, अधिकारी सीएम तक की भी नहीं सुनते। इसके बाद ही पहली बार हरियाणा बीजेपी के नेताओं ने सांसद के बयान पर अपना पलटवार किया है।



