Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में मंगलवार सुबह आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिठा गांव निवासी सेना के जवान संतोष कुमार (45) गोली लगने से शहीद हो गए. सेना से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों व गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
यह ऑपरेशन नौशेरा सेक्टर के पास आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर चलाया जा रहा था. इसी बीच आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल ले जाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि संतोष कुमार 2001 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पिछले 23 वर्षों से सेवारत थे. वह दो महीने पहले छुट्टी पर घर आये और सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी। संतोष कुमार ने घर आकर कहा कि अब वह अपने बच्चों की शिक्षा और माता-पिता की सेवा में समय देना चाहते हैं.
शहीद संतोष चार बच्चों के पिता थे. उनकी बड़ी बेटी ने इस साल सीबीएसई 10वीं की परीक्षा पास की है. छोटा बेटा लव कुमार सिर्फ 5 साल का है. संतोष तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की वित्तीय और सामाजिक जिम्मेदारियां उन पर थीं.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



