झज्जर, 17 जुलाई
झज्जर-रेवाड़ी रोड पर सेक्टर-6 के समीप दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग का प्रयास उस समय विफल हो गया, जब पीड़ित महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी महिला को कार से खींचकर नीचे गिरा दिया। हालांकि इस दौरान कार चला रहा आरोपी मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 की महिलाएं मौके पर एकत्र हो गईं और पुलिस को बुलाकर पकड़ी गई महिला को उनके हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-6 निवासी बबीता शाम के समय दूध लेकर पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी। कार में सवार एक महिला ने अचानक बबीता के गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से बबीता घबरा गई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत आरोपी महिला का हाथ पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बबीता ने आरोपी महिला को मजबूती से पकड़कर कार से नीचे खींच लिया। इसी बीच कार चला रहा दूसरा आरोपी वाहन को तेजी से मौके से भगा ले गया। आरोपी महिला के पकड़े जाने के बाद आसपास की महिलाएं और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़ी गई महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है तथा फरार कार चालक और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।घटना के बाद पूरे सेक्टर-6 क्षेत्र में पीड़िता बबीता की बहादुरी की चर्चा हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बबीता साहस नहीं दिखातीं तो आरोपी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते। क्षेत्र की महिलाओं ने भी बबीता की हिम्मत की सराहना करते हुए पुलिस से फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और ऐसे गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पकड़ी गई महिला से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपी और उसके साथियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।
अन्य खबरें जानें –


