रेवाड़ी , 9 सितंबर
रेवाड़ी के कसोला थाना क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची की मां की शिकायत पर कसोला थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार बिहार का रहने वाला है, जबकि आरोपी मध्य प्रदेश के सागर का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी परिवार कसोला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहता है। परिवार के पड़ोस में मध्य प्रदेश के सागर निवासी एक युवक किराए के कमरे में रहता है। वह बावल स्थित एक कंपनी में काम करता है। मंगलवार शाम को बच्ची की मां दवाई लेने अस्पताल गई थी। इस दौरान वह अपनी चार साल की बेटी को पड़ोस में रहने वाले युवक के पास छोड़ गई।
महिला जब देर शाम वापस लौटी तो बच्ची आरोपी के कमरे में बदहाल अवस्था में बेहोश मिली। इस दौरान आरोपी मौके से फरार था। बच्ची को इस हालत में देखकर महिला घबरा गई और उसने अपने पति व पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कसोला थाना पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ मामले की जांच कर रही है।
अन्य खबरें जानें-



