ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है, फिर से पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने सीएलपी लीडर भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा है। अशोक तंवर ने इशारो- इशारों में कहा है कि पिछली बार जमीन घोटाले के कुछ आरोपी विधानसभा पहुंचे थे और जिनके ऊपर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। तंवर ने कहा कि ऐसे लोगों को चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।
इसके साथ ही अशोक तंवर ने ये भी कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ने वालों को भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस में पिछले समय में गुटबाजी देखने को मिली थी, हुड्डा और तंवर गुट के बीच लगातार अंदरुनी जंग चली। जिसके बाद हाईकमान द्वारा पार्टी में बड़ा बदलाव किया गया और कुमारी शैलजा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। वहीं, भूपेंद्र हुड्डा को सीएलपी लीडर की कमान सौंप दी गई, जिसके बाद कहा जा रहा था कि तंवर को भी पार्टी बड़ा औहदा देगी, लेकिन फिलहाल अशोक तंवर को पार्टी की तरफ से कोई पद नहीं सौंपा गया।

