ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, जिसके चलते अन्य पार्टियां लगातार भाजपा पर निशाने साध रही हैं। अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने सीएम मनोहर लाल से भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल का हिसाब मांगा है। उन्होंने कहा है कि आचार संहिता लगने वाली है, इससे पहले मनोहर सरकार बताए कि उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में कितनी घोषणाएं पूरी की हैं।
अशोक तंवर ने बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इन पांच सालों में प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है। वहीं, तंवर ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए और कहा कि मनोहर राज में हरियाणा की कानून व्यवस्था चरमराई है।
तंवर ने भाजपा सरकार पर बड़ा इल्जाम लगाते हुए कहा कि सरकार ने कॉरपोरेट हाउस में घोटाले करके काला धन कमाया है। तंवर ने कहा कि गुरुग्राम के सेक्टर 30-31 में जमीन अधिग्रहण में भी धांधली हुई है।
तंवर ने कहा कि सरकार द्वारा EVM की फास्ट लेवल चेकिंग की जानकारी नहीं दी गई है और न ही EVM के टेक्निक्ल मेंटनेंस के बारे में सरकार ने कुछ बताया है।
अशोक तंवर ने 18 अगस्त को रोहतक में होने जा रही कांग्रेस की महापरिवर्तन रैली पर भी कहा है कि रैली के लिए उन्हें कोई न्यौता नहीं मिला है। बता दें पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा और अशोक तंवर के बीच अध्यक्ष पद को लेकर जंग जारी है।
हुड्डा खेमे के लोग चाहते हैं कि हुड्डा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जाए क्योंकि उनका मानना है कि हुड्डा हरियाणा में एक बड़ा चेहरा बनकर कांग्रेस की कमान संभालने का दम रखते हैं। दूसरी ओर तंवर के समर्थक चाहते हैं कि अशोक तंवर ही अध्यक्ष पद संभालें। वहीं, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने बयान में कहा है कि 18 अगस्त को होने जा रही महापरिवर्तन रैली में कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर कांग्रेस बड़ा फैसला करेगी, अब सभी की आंखे इस रैली पर टिकी हुई हैं।


