यमुनानगर ,16सितंबर
यमुनानगर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने चुना भट्टी जगाधरी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 6 हजार प्रतिबंधित अल्प्राजोलम गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आजाद नगर निवासी आशु गुप्ता के रूप में हुई है।
DSP रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर सवार होकर प्रतिबंधित नशीली दवाइयां लेकर यमुनानगर आएगा। सूचना के आधार पर टीम ने चुना भट्टी के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान छछरौली की तरफ से बाइक पर आ रहा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से अल्प्राजोलम की 6 हजार गोलियां बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी इनके संबंध में कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में आशु ने पुलिस को बताया कि वह ये प्रतिबंधित दवाइयां रामपुर खादर निवासी शैलेंद्र से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर शैलेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र ने नत्थनपुर बस स्टैंड पर अस्पताल खोला हुआ है, जिसकी भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाई गईं और आगे कहां सप्लाई होनी थीं।
अन्य खबरें जानें-
बाढ़ की तबाही के बीच Nepal में भूकंप के दो झटके, 4.5 और 4.2 रही तीव्रता, दहशत में लोग



