सोनीपत, 8 सितंबर
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद अब आरोपी बताए जा रहे राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के गांव शाहपुर में आज पंचायत हुई है। पंचायत में आसपास के पांच से आठ गांवों के ग्रामीण शामिल हुए और मामले को लेकर कई अहम बातें सामने आईं।अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लेने का दावा करने वाले राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया की मां राजपति ने पंचायत में कहा कि उनका परिवार पहले ही भोलू को बेदखल कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी पुलिस बार-बार घर आकर परिवार को परेशान कर रही है और घर गिराने तक की धमकी दे रही है।
राजपति ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के डर से उनका छोटा बेटा रितेश भी घर छोड़कर चला गया है। उन्होंने कहा कि परिवार का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और पुलिस को निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए।
वहीं पंचगामा प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत में फैसला लिया गया है कि ग्रामीण अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपियों को पकड़वाने में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही पंचायत ने पुलिस से परिवार के निर्दोष सदस्यों को परेशान न करने की अपील की है।
भोलू के चाचा रमेश ने पंचायत में कहा कि मामले में उनके बेटे चिराग का नाम भी सामने आया है, जो पिछले तीन साल से कनाडा में पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर चिराग किसी अपराध में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें गाने को लेकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं शाहपुर गांव की पंचायत ने साफ कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष परिवार के सदस्यों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
अन्य खबरें जानें –


