न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : छोटे परदे का लोकप्रिय रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ में अब ‘देवियों और सज्जनों’ की दमदार आवाज नहीं गूंजेगी। क्योंकि बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन KBC को अलविदा कहने वाले हैं और इसकी तस्दीक खुद उन्होंने की है। पिछले कुछ दिनों से खबर आ रही थी कि KBC-9 की शूटिंग के दौरान अमिताभ की तबीयत बिगड़ गई है। बावजूद वो लगातार शूटिंग कर रहे हैं, अब अमिताभ ने शो को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है।
दरअसल, अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में जिक्र किया है कि KBC-9 की शूटिंग के दौरान लगातार बोलते रहने से उनका गला बुरी तरह प्रभावित हुआ है। फिनाले के लिए वो लगातार शूटिंग कर रहे हैं। एंटीबायोटिक्स और पेन किलर्स लेकर वो किसी तरह शूटिंग को निपटा रहे हैं। हालांकि दवाईयों का कुछ असर हो रहा है। लेकिन ज्यादा लंबे समय तक दवाईयां लेने की अपनी खामियां हैं। फिलहाल उनका और KBC की समूची यूनिट का ध्यान शो के फिनाले की शूटिंग पूरी करने पर है।
बता दें कि 17 सालों के दौरान अमिताभ बच्चन लोकप्रिय शो KBC के पर्याय बन गए हैं। उनके बिना शो की परिकल्पना करना संभव नहीं है। KBC में अमिताभ बच्चन जिस तरह से कंटेस्टेंट से सवाल करते हैं वह अपने आप में सबसे अलहदा है। लेकिन बढ़ती उम्र के कारण अब अमिताभ लंबे शूटिंग शेड्यूल को फॉलो नहीं कर पा रहे हैं। यही कारण है कि कयास लगाए जा रहे हैं KBC-9 में अमिताभ आखिरी बार नजर आएंगे। दूसरी तरफ इस खबर से KBC के फैन्स मायूस भी हो गए हैं।
