ऑन लाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पिछले कईं सालों से पंजाब में बीजेपी और हरियाणा मे इनेलो के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहा शिरोमणी अकाली दल अब इन दोनों दलों का साथ छोड़ने वाला है। दूसरे दलों की तरह अकाली दल भी हरियाणा में 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गया है। अकाली दल हरियाणा में अपने चुनावी अभियान की शुरूआत 19 अगस्त को कुरुक्षेत्र के पिपली में एक जनसभा के जरिए करेगा।
रैली में पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल के अलावा अकाली दल के पंजाब के दूसरे नेता भी शिरकत करेंगे। 19 अगस्त की रैली को लेकर शिरोमणी अकाली दल हरियाणा की एक बैठक कुरुक्षेत्र के छठी पातशाही गुरुद्वारे में हुई। बैठक की अध्यक्षता अकाली दल हरियाणा के प्रधान शरणजीत सिंह सोथा ने की। बैठक के बाद सोथा ने कहा कि अकाली दल हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगा। वो अपनी ओर से किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।
यदि कोई पार्टी उनके साथ गठबंधन करना चाहेगी तो इस बारे में हाई कमान विचार करेगा, लेकिन कांग्रेस से किसी भी सूरत में गठबंधन नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि अकाली दल ने 2014 में इनेलो के साथ मिलकर हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसके अलावा पंजाब में भी अकाली दल बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ता आया है। ऐसे में यदि अकाली दल अकेले होकर हरियाणा में चुनाव लड़ता है तो कई इलाकों में वो चुनावी समीकरण बिगाड़ सकता है। खास तौर पर सिख वोट अकाली दल की ओर जा सकती है, जिससे दूसरे दलों का राजनीतिक गणित बिगड़ सकता है।


