Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला ने अपनी सास से झगड़े के बाद अपने एक साल के बेटे को पानी की टंकी में फेंककर मार डाला. पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार को शाहपुर तालुका के वासिंद के पास कसाने गांव में हुई.
पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि दंपति का पिछले साल एक बेटा पैदा हुआ था जो जन्मजात बीमारी से पीड़ित था. उसका इलाज मुंबई के वाडिया अस्पताल में चल रहा था. बच्चे की देखभाल और स्वास्थ्य को लेकर महिला और उसकी सास के बीच अक्सर विवाद होता था. मंगलवार को बच्चे की दादी ने उसके स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की और उसे अपने साथ टिटवाला स्थित अपनी बेटी के घर ले जाने का फैसला किया.
अधिकारी ने बताया कि बच्चे को वहां बुखार हो गया और उसकी दादी उसे मंगलवार देर रात घर वापस ले आईं. उन्होंने बताया कि बाद में बच्चे की मां और दादी के बीच उसके स्वास्थ्य को लेकर विवाद हो गया. स्थिति को शांत करने की कोशिश करने के बाद, बच्चे के पिता अपनी रात की ड्यूटी पर चला गया. बुधवार सुबह जब वह वापस आया तो सोने से पहले कुछ देर अपने बेटे के साथ खेला.
अधिकारी ने बताया कि जब उसका पति सो रहा था तो बच्चे की मां ने कथित तौर पर बच्चे को घर की पहली मंजिल पर स्थित पानी की टंकी में डुबो दिया. जब उसके पति की नींद खुली और उसने अपने बेटे को नहीं देखा तो वह अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ उसकी तलाश करने लगा. इस बीच, बच्चे की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी कि उसका बेटा लापता हो गया है. उसके पति को शक हुआ और उसने अपनी पत्नि ने पूछताछ की. उन्होंने कहा कि महिला ने कबूल किया कि उसने अपने बच्चे की हत्या की है. इसके बाद शख्स ने पडघा पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



