नूंह, 9 अक्टूबर
भिवानी एंटी करप्शन ब्यूरो यानि कि ACB की टीम ने पलवल से नूंह में तबादला कराने के नाम पर रिश्वत मांगते होमगार्ड को गिरफ्तार किया है।ACB की टीम ने 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए होमगार्ड अनीश को रंगे हाथों पकड़ा है। ACB की टीम ने इस मामले में सब इंस्पेक्टर को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ जारी है।
7 हजार की मांगी थी रिश्वत
एक होमगार्ड ने जिला पलवल से नूंह तबादला करवाना चाहता था। आरोप है कि तबादले की प्रक्रिया में मदद करने के नाम पर आरोपी ने उससे कुल 7 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता 3 हजार रुपये पहले ही दे चुका था। इसके बाद उससे बाकी 4 हजार रुपये देने की मांग की गई। जिसकी शिकायत उसने ACB भिवानी से की। शिकायत मिलने के बाद ACB भिवानी ने मामले की जांच शुरू की और रिश्वत की रकम लेते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया।
ACB की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा
ACB की टीम ने शिकायतकर्ता को बाकी 4 हजार रुपये दिए गए और उसे आरोपियों के पास भेजा गया।नूंह पुलिस लाइन में जैसे ही आरोपी अनीश ने रिश्वत ली, ACB टीम ने मौके पर दबिश देकर होमगार्ड अनीश को पकड़ लिया। मामले में सब इंस्पेक्टर विक्रम को भी हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई के बाद दोनों से पूछताछ शुरू कर दी गई।
ACB की टीम ने लेन-देन के दस्तावेज खंगाले
ACB अब यह पता लगाने में जुटी है कि तबादले के नाम पर मांगी गई रकम की मांग किस स्तर पर तय हुई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में एक इंस्पेक्टर से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी तबादले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपियों के बीच हुए लेन-देन की भी जांच कर रही है।फिलहाल मामले की जांच जारी है।



