दिल्ली, 12 अगस्त
IGI एयरपोर्ट पर दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में मंगलवार रात तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट में बोर्डिंग पूरी होते ही केबिन का AC और वेंटिलेशन सिस्टम में खराबी आ गई। जिससे केबिन का तापमान बढ़ने लग गया। जिसके चलते 150 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। केबिन में गर्मी बढ़ने से कुछ यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ हुई। इस दौरान एक गर्भवती महिला की तबीयत भी बिगड़ने की बात सामने आई।
बोर्डिंग के बाद बढ़ने लगी गर्मी
स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-105 को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से रात करीब 9:55 बजे पुणे के लिए उड़ान भरनी थी। देरी के बाद रात करीब 10:30 बजे यात्रियों की बोर्डिंग शुरू हुई। यात्रियों के मुताबिक, विमान में बैठने के बाद AC और वेंटिलेशन ठीक से काम नहीं कर रहा था। कुछ ही देर में तापमान बढ़ने लगा।यात्री पसनी से तर-बतर हो गए, कुछ लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई। परेशान यात्रियों ने सीट पर रखे कागज और मैगजीन से हवा करके राहत पाने की कोशिश की।
यात्रियों के विरोध के बाद विमान की जांच
यात्रियों ने इसकी शिकयात क्रू मेंबर्स से शिकायत की और उड़ान भरने का विरोध किया। इसके बाद विमान को एप्रन पर रोका गया और तकनीकी टीम को जांच के लिए बुलाया गया। यात्रियों के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें करीब 20 मिनट में समस्या ठीक होने का भरोसा दिया गया, लेकिन काफी देर तक राहत नहीं मिली।
यात्रियों का दावा है कि उन्हें रात करीब 2 बजे तक एप्रन पर इंतजार करना पड़ा। लगातार देरी और गर्मी के कारण यात्रियों का गुस्सा बढ़ता गया। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
छह घंटे से ज्यादा एयरपोर्ट पर फंसे यात्री
फ्लाइट रद्द होने के बाद करीब 150 यात्री 6 घंटे तक एयरपोर्ट पर परेशान रहे। बुधवार सुबह दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था कर यात्रियों को पुणे भेजा गया।
स्पाइसजेट ने तकनीकी खराबी की पुष्टि की
यात्रियों की शिकायत के बाद स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने फ्लाइट में तकनीकी समस्या आने की पुष्टि की। एयरलाइन के मुताबिक, 11 अगस्त को दिल्ली से पुणे जाने वाली SG-105 फ्लाइट में आखिरी समय पर तकनीकी खराबी सामने आई थी। इसके बाद दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई और यात्रियों को पुणे पहुंचाया गया।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें यात्री विमान के अंदर गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। यात्रियों की शिकायत और फ्लाइट में हुई देरी ने एयरलाइन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
अन्य खबरें जानें-


