NUH में 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल जयंती पर होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम, इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का भी किया समर्थन

नूंह, 21 जुलाई इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने नूंह की नई अनाज मंडी स्थित इनेलो जिला कार्यालय में पार्टी…

नूंह
नूंह, 21 जुलाई

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने नूंह की नई अनाज मंडी स्थित इनेलो जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में 27 सितंबर को नूंह में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल का जन्मदिवस नूंह की धरती पर भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से इनेलो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। आयोजन के लिए 20 से 30 एकड़ भूमि पर व्यापक तैयारियां की जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि मेवात जिले से भी लाखों लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

चौटाला ने कहा कि मेवात के लोगों में चौधरी देवीलाल के प्रति विशेष श्रद्धा और सम्मान है। इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर बैठे थे और उन छात्रों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे । जिन्होंने कथित तौर पर नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के बाद आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।

अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कराया, जिससे कई छात्र घायल हुए। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर का प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं था, बल्कि छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा था, इसलिए सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नीट परीक्षा ही नहीं, बल्कि हरियाणा में भी पिछले वर्षों में 20 से 22 भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। उनका कहना था कि यदि सरकार इसी प्रकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करती रही तो युवाओं का व्यवस्था पर से विश्वास उठ जाएगा।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को भी इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए तथा युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से युवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके साथ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया।

 अन्य खबरें जानें-

AMBALA में दुकानदारों ने चोर को गैस सिलेंडर चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा, लोगों ने पुलिस के किया हवाले, एक सिलेंडर भी बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *