जीरकपुर, 25 जुलाई
जीरकपुर के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और उनकी पत्नी द्वारा कथित तौर पर नहर में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पति राजीव बाली का शव पहले राजपुरा के पास भाखड़ा नहर से बरामद हुआ था, जबकि उनकी पत्नी नीरजा बाली का शव अब हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से बरामद कर लिया गया है।जानकारी के अनुसार, दंपती 21 जुलाई को जीरकपुर स्थित अपने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
22 जुलाई को राजपुरा के पास भाखड़ा नहर के पुल पर उनकी कार लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया, जिसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई।
तलाशी अभियान के दौरान राजपुरा के खेड़ी गांव के पास भाखड़ा नहर से राजीव बाली का शव बरामद हुआ। इसके बाद उनकी पत्नी नीरजा की तलाश जारी रही। अगले दिन कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर क्षेत्र में सरस्वती फीडर नहर से एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान बाद में नीरजा बाली के रूप में हुई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजीव बाली जीरकपुर के एक मॉल में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत थे और पिछले कुछ समय से आर्थिक दबाव का सामना कर रहे थे। परिवार का मानना है कि इसी तनाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया। परिजनों ने किसी पर भी संदेह जताने से इनकार किया है।
राजीव और नीरजा की शादी वर्ष 2003 में हुई थी। उनके परिवार में 17 वर्षीय बेटा और 13 वर्षीय बेटी हैं। इस दुखद घटना के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल मामले की जांच पंजाब पुलिस कर रही है। कुरुक्षेत्र पुलिस ने नीरजा के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले से संबंधित सभी दस्तावेज पंजाब पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अन्य खबरें जानें-

