Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के शिमला में चौपाल उपमंडल में तीर्थयात्रियों से भरी एक कार नदी में गिर गई. इस दुर्घटना में पंजाब के दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक 10 वर्षीय बच्चा नदी में बह गया.
सूचना मिलते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. बच्चे की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है. बचाए गए चार लोगों में से दो की हालत गंभीर है. जानकारी के अनुसार, हादसा नेरवा थाना क्षेत्र के जमराड़ी के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं की कार साल्वी नदी में गिर गई. दुर्घटना में शामिल सभी लोग नवांशहर जिले के निवासी हैं, जो एक धार्मिक समारोह में भाग लेने के लिए शिमला आए थे.
डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. चार लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें नेर्वा अस्पताल भेज दिया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों में एक महिला भी शामिल है.पुलिस और बचाव दल नदी में बह गए बच्चे की तलाश कर रहे हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



