America News: अमेरिका में भारत से फरार होकर छिपे बैठे गैंगस्टर और खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कैलिफोर्निया राज्य के सैन जोक्विन काउंटी में एक बड़ी छापेमारी के दौरान आठ भारतीय मूल के आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
11 जुलाई को, सैन जोकिन काउंटी शेरिफ कार्यालय की एजेंट इकाइयों ने स्टॉकटन पुलिस, मंटेका पुलिस, स्टैनिस्लास काउंटी शेरिफ और एफबीआई की SWAT टीम के साथ मिलकर सैन जोकिन काउंटी में पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापे मारे. यह कार्रवाई एक गिरोह से जुड़े अपहरण और यातना मामले के सिलसिले में की गई. इस अभियान के दौरान 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह, अर्शप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, विशाल, पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला, गुरताज सिंह, मनप्रीत रंधावा और सरबजीत सिंह शामिल हैं. उनके खिलाफ अलग से मामला भी दर्ज किया गया है.
इन सभी पर अपहरण, यातना, अवैध कारावास, आपराधिक षड्यंत्र, गवाहों को धमकाने, अर्ध-स्वचालित हथियार से हमला, आतंक फैलाने की धमकी, भारी मात्रा में अवैध हथियार रखने, मशीनगन और असॉल्ट राइफल रखने, छोटी बैरल वाली राइफल बनाने और अवैध मैगजीन बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें अमेरिका की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है.
इस एफबीआई ऑपरेशन के दौरान, आरोपियों से 5 पिस्तौल (स्वचालित ग्लॉक), एक असॉल्ट राइफल, सैकड़ों गोलियां, उच्च क्षमता वाली मैगजीन और 15,000 डॉलर नकद जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में सबसे अहम नाम पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला का है, जो बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा है और भारत की एनआईए और पंजाब पुलिस का मोस्ट वांटेड है.
FBI ने ‘समर हीट इनिशिएटिव’ मिशन किया
एफबीआई ने इस ऑपरेशन को ‘समर हीट इनिशिएटिव’ नाम दिया है, जिसका मकसद अमेरिका के भीतर सक्रिय गैंग और खतरनाक अपराधियों के नेटवर्क को खत्म करना है. एफबीआई निदेशक पटेल की ओर से शुरू की गई इस पहल का लक्ष्य है अमेरिका के शहरों और समुदायों को फिर से सुरक्षित बनाना और संगठित अपराध के खात्मे के लिए कठोर कार्रवाई करना.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



