Covid Returns news in hindi: देश में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं. शुक्रवार (23 मई, 2025) को गुजरात में 20, हरियाणा में 5, उत्तर प्रदेश में 4 नए मामले सामने आए और कर्नाटक के बेंगलुरु में एक 9 महीने का बच्चा कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया. पूरे देश में अब तक कुल 312 एक्टिव मामले हैं, जबकि 2 लोगों की मौत हो चुकी है.
उधर, दिल्ली सरकार ने कोविड-19 को लेकर एडवाइजरी जारी की है. सरकार ने सभी अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों और वैक्सीन का पूरा इंतजाम करने को कहा है. दिल्ली के सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे हर पॉजिटिव कोविड सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए अस्पताल भेजें. सभी संस्थानों को प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट दिल्ली स्वास्थ्य डेटा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी.
यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की गई है जब पाकिस्तान, चीन, थाईलैंड और सिंगापुर जैसे देशों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं. गुजरात में अब तक कुल 40 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 33 सक्रिय हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि राजधानी में गुरुवार तक 23 मामले दर्ज किए गए हैं.
वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 4 नए मरीज मिले हैं. तीन मरीजों को अलग रखा गया है, जबकि एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके साथ ही हरियाणा में 48 घंटे में 5 मरीज मिले हैं. इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं. इन सभी मरीजों का कोई अंतर्राष्ट्रीय यात्रा इतिहास नहीं है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



