Online Desk/LivingIndiaNews: हरियाणा के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव की मांग जोर पकड़ती जा रही है. छात्र संघ चुनाव की बहाली के लिए INSO के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला आमरण अनशन पर हैं. उनकी अगुवाई में हजारों INSO कार्यकर्ता भी धरने पर बैठ गये हैं. गुरु जम्भेश्वर विश्विद्यालय के कुलपति कार्यालय के सामने INSO कार्यकर्ताओं की भूख हड़ताल जारी है. हरियाणा में छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग लेकर दिग्विजय सिंह चौटाला ने सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया है।
दिग्विजय सिंह चौटाला के साथ 5 अन्य छात्र नेता जसविंद्र खैरा, मंजू जाखड़, जयदेव नौलथा, योगेश गौत्तम और असीम ढिल्लो भी आमरण अनशन पर हैं। इनसो की छात्र संघ की मांग के समर्थन में प्रदेश भर के विभिन्न कालेज और विश्वविद्यालयों से हजारों छात्र आमरण अनशन स्थल पर पहुंचे और समर्थन दिया। INSO की मांग के समर्थन में बरवाला से विधायक वेद नारंग, उकलाना से विधायक अनूप धानक, महिला आयोग की पूर्व चेयरमैन शीला भ्याण, रिटायर्ड एसपी राजसिंह मोर भी पहुंचे। INSO अध्यक्ष ने ऐलान किया है कि ये आंदोलन अब छात्र संघ चुनाव की घोषणा के बाद ही खत्म किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा में छात्र संघ चुनाव करवाने की घोषणा विधानसभा चुनाव से पहले की थी, लेकिन पौने चार साल बाद भी सरकार ने घोषणा पर अमल नहीं किया है. 
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर 3 बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल से, 3 बार शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा से मुलाकात हो चुकी है, लेकिन सरकार आंदोलन को कमजोर करने के लिए लगातार तारीख पर तारीख दे रही है. चौटाला ने सरकार को चेताया है कि अगर जल्द ही छात्र संघ के चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो INSO आंदोलन को बड़े स्तर पर चलाएगी। दिग्विजय चौटाला ने खट्टर सरकार पर जानबूझ कर ऐसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि छात्रों की पढ़ाई बाधित करने के लिए सरकार के दबाव में गुजवि प्रशासन ने देर शाम छुट्टी कर दी. उन्होंने कहा कि प्रशासन जबरन छात्रों से हॉस्टल खाली करा रहा है. और ये किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि INSO इस बात की पक्षधर रही है कि छात्रों की पढ़ाई में दिक्कत ना आए, उनकी लड़ाई हरियाणा सरकार से है न कि विद्यार्थियों से। चौटाला ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मान लेती, तब तक शांतिप्रिय और लोकतांत्रिक ढंग से आमरण अनशन जारी रहेगा।

