CNG कार में लगी आग से जलकर तीन की मौत

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : अगर आप भी CNG कार चलाते हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। हो सकता है कि आप ऐसे हादसे…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : अगर आप भी CNG कार चलाते हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। हो सकता है कि आप ऐसे हादसे का शिकार हो जाएं, जिस कारण आप अपनो से हमेशा के लिए दूर हो जाएं। साइबर सिटी गुरूग्राम में ही एक ऐसा हादसा सामने आया है। जिसमें CNG कार में आग लग गई और इस हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए। घटना गुरूवार की रात की है। पुलिस ने इस खौफनाक हादसे की जांच शुरू कर दी है। साइबर सिटी गुरूग्राम की सड़क पर खड़ी इस कार को देख लीजिए आप। इसे सिर्फ पहचाना जा सकता है कि ये एक कार थी। पहले इस पर बैठकर लोग सफर करते थे, लेकिन गुरूवार की रात 10 बजे एक ऐसा हादसा हो गया कि ना तो कार ही बची ना ही इसमें सवार तीन लोग। बचा है तो सिर्फ और सिर्फ राख। और आपको जानकार हैरानी होगी कि बस एक ही झटके में तीन जिंदगी हमेशा के लिए सबसे दूर चली गई।

दरअसल यह हादसा दिल्ली के पास साइबर सिटी गुरुग्राम में रात 10 बजे सामने आया। जहां एक CNG कार में अचानक आग लग गई। जिसमें कार में बैठे तीन युवकों की जलने से मौत हो गई। घटना गुरुग्राम के सेक्टर 60 इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही गांव के रहने वाले दोस्त थे। मृतकों की शिनाख्त गुरूग्राम के पलड़ा निवासी गजेंद्र उर्फ बॉबी, देवेंद्र उर्फ बिल्लू और नरेंद्र उर्फ मूसा के रूप में हुई। परिजनों को जब सूचना मिली तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बताया जाता है कि आग इतनी भयानक थी कि किसी को कार से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के चश्मदीदों की मानें तो गुरूवार को सारे दिन बारिश होती रही। जिस वक्त CNG कार में आग लगी, उस समय भी बारिश हो रही थी।

  • कार में जिंदा जले तीन लोग
  • सेक्टर 60 इलाके में हुई घटना
  • कार में लगी हुई थी CNG 
  • गुरूवार की रात करीब 10 बजे हुआ हादसा
  • Maruti Esteem में लगी आग से मौत
  • अचानक लगी आग से हुई घटना
  • मारने वालों की उम्र 30 से 35 के बीच
  • पलड़ा गांव के रहने वाले थे मृतक
  • साजिश या हादसा, पुलिस जांच जारी

चश्मदीदों की मानें तो जिस इलाके में यह घटना हुई है वह सेक्टर 60 में पड़ता है, लेकिन आसपास कोई मकान या बस्ती नहीं है। यह घटना सेक्टर रोड पर हुई है और जब उधर से गुजरते लोगों ने कार को जलते देखा तो उसे बुझाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठा है कि आखिर आग लगने के बावजूद भी कार में सवार लोग बाहर क्यों नहीं निकल सके। यह भी हो सकता है कि घटना किसी साजिश का नतीजा हो। क्योंकि जिस तरह से यह घटना सामने आई है, उससे यकीन करना मुश्किल है कि यह हादसा है। हालांकि इसका खुलासा तो पुलिस की जांच में सामने आ ही जाएगा। लेकिन जिस तरह से यह घटना सामने आई है उससे इलाके के लोग सहमे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *